Thursday, May 28, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

Lockdown Scam 2026: फर्जी सरकारी आदेश बनाकर लोगों को ठग रहे साइबर अपराधी

May 21, 2026 Source: Public-Axis

Lockdown Scam 2026: फर्जी सरकारी आदेश बनाकर लोगों को ठग रहे साइबर अपराधी
देश में पेट्रोल और डीजल की बचत को लेकर प्रधानमंत्री की अपील के बाद कई जगहों पर वर्क फ्रॉम होम और आंशिक लॉकडाउन जैसे कदम अपनाए जा रहे हैं। इसी बीच साइबर अपराधी भी सक्रिय हो गए हैं और लोगों को WhatsApp के जरिए निशाना बना रहे हैं। साइबर ठग लॉकडाउन और सरकारी आदेश के नाम पर फर्जी मैसेज भेजकर लोगों के मोबाइल और बैंक अकाउंट तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। इन दिनों कई लोगों को अनजान नंबरों से “WAR LOCKDOWN NOTICE.pdf” या “Emergency Lockdown Order” जैसे नामों वाली फाइलें भेजी जा रही हैं। ये मैसेज देखने में बिल्कुल सरकारी नोटिस जैसे लगते हैं, इसलिए लोग इन्हें जरूरी समझकर खोल लेते हैं। लेकिन जैसे ही यूजर इन फाइलों पर क्लिक करता है, उसका फोन हैक होने का खतरा बढ़ जाता है। साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इन मैसेजेस में कई बार संदिग्ध लिंक या APK फाइलें छिपी होती हैं। लिंक पर क्लिक करते ही यूजर किसी फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जहां उससे निजी जानकारी मांगी जाती है। वहीं अगर गलती से APK फाइल फोन में इंस्टॉल हो जाए, तो हैकर्स को फोन का एक्सेस मिल सकता है। इसके बाद बैंकिंग डिटेल्स, पासवर्ड और निजी डेटा चोरी होने का खतरा बढ़ जाता है। दरअसल, WhatsApp के जरिए ठगी का यह तरीका नया नहीं है, लेकिन इस बार ठगों ने इसे लॉकडाउन और सरकारी अपील से जोड़ दिया है। इसी वजह से लोग आसानी से इन फर्जी मैसेजेस के झांसे में आ रहे हैं। साइबर अपराधी लोगों के डर और जल्दबाजी का फायदा उठाकर उन्हें ठगने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और किसी भी अनजान नंबर से आए मैसेज पर तुरंत भरोसा न करें। अगर कोई संदिग्ध PDF, लिंक या APK फाइल मिले तो उसे खोलने से बचें। मोबाइल की सेटिंग्स में जाकर “Unknown Sources” ऑप्शन को बंद रखना भी जरूरी है, ताकि कोई बाहरी ऐप अपने आप इंस्टॉल न हो सके। सरकारी आदेश, लॉकडाउन या किसी भी जरूरी सूचना की पुष्टि हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या भरोसेमंद स्रोतों से ही करें। थोड़ी सी सावधानी आपको साइबर ठगी और आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।