Thursday, May 28, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

दिल्ली में गर्मी ने फिर दिखाए तेवर, अगले 3 दिन रहेंगे बेहद गर्म

May 25, 2026 Source: Public-Axis

दिल्ली में गर्मी ने फिर दिखाए तेवर, अगले 3 दिन रहेंगे बेहद गर्म
दिल्ली में दो दिन की हल्की राहत के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी और लू जैसे हालात लौट आए हैं। रविवार को राजधानी में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लू चलने की चेतावनी दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दिल्ली-NCR में फिलहाल गर्म और शुष्क हवाएं सक्रिय हैं, जिसके चलते तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। 16 मई के बाद से लगातार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है और कई इलाकों में लू जैसी स्थिति बनी हुई है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सबसे ज्यादा गर्मी रिज और आयानगर क्षेत्रों में महसूस की गई, जहां तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दोपहर के समय तेज गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया और कई बाजारों व सड़कों पर सामान्य से कम भीड़ दिखाई दी। रविवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली और दिल्ली के आसमान पर धूल की मोटी परत छा गई। मौसम विभाग के अनुसार, थार मरुस्थल क्षेत्र में उठी धूल भरी आंधी राजस्थान के रास्ते दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश तक पहुंची। इसके चलते हवा की गुणवत्ता भी खराब हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI 205 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। पीएम-10 कणों का स्तर भी सामान्य से काफी अधिक रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी से राहत देने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने जवानों के लिए एसी हेलमेट और पोर्टेबल फैन उपलब्ध कराने की नई पहल शुरू की है। फिलहाल 10 एसी हेलमेट के साथ पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इन हेलमेट में थर्मोइलेक्ट्रिक कूलिंग तकनीक का उपयोग किया गया है, जो सामान्य तापमान की तुलना में लगभग 15 डिग्री तक ठंडक पहुंचाने का दावा करती है। एक बार चार्ज होने पर यह हेलमेट 4 से 5 घंटे तक काम कर सकता है। अधिकारियों का कहना है कि यदि ट्रायल सफल रहा तो भविष्य में बड़े स्तर पर इन हेलमेट की खरीद की जाएगी, ताकि तेज गर्मी में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत मिल सके।