India
BJP विधायक को ठगों ने बनाया निशाना, बड़े नेता का PA बनकर मांगे पैसे
May 26, 2026 Source: Public-Axis
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा शातिर ठगों के झांसे में आ गए। आरोपी ने खुद को भाजपा के एक बड़े नेता का निजी सहायक (PA) बताकर पैसे मांगे और भरोसा जीतकर रकम ट्रांसफर करवा ली। घटना के बाद खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया और खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया। बातचीत के दौरान उसने दावा किया कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण परेशानी में फंस गया है। आरोपी ने तत्काल डीजल भरवाने और परिवार की मदद के नाम पर पैसों की मांग की।
फोन कॉल और सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें देखकर विधायक को उस व्यक्ति पर भरोसा हो गया। आरोपी ने पहले 4,500 रुपये मांगे, लेकिन मदद के उद्देश्य से विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए कुल 10 हजार रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर करवा दिए।
करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने दोबारा पैसे की मांग की, जिसके बाद विधायक को शक हुआ। पुरंदर मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने इतनी जल्दी भुवनेश्वर पहुंचने की बात कही, जो संदिग्ध लगी। इसके बाद उन्होंने सीधे नितिन नवीन के कार्यालय से संपर्क किया। जांच में पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत ही नहीं है। तब जाकर ठगी का खुलासा हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस अब मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से पैसे मांगने पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और जानकारी की पुष्टि करना जरूरी है, उसके बाद ही किसी तरह का आर्थिक लेनदेन करना चाहिए।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में राजधानी रायपुर में भाजपा नेताओं से जुड़ी आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट की घटना हुई थी, हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।