Friday, July 17, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

कांग्रेस हाईकमान का फैसला लागू, सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार

May 29, 2026 Source: Public-Axis

कांग्रेस हाईकमान का फैसला लागू, सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार
कर्नाटक की राजनीति में पिछले कई महीनों से चल रहा सत्ता संघर्ष आखिरकार अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मंजूर कर लिया है। गुरुवार देर रात बेंगलुरु लौटने के बाद राज्यपाल ने संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए इस्तीफे को स्वीकार किया। इसके साथ ही वर्तमान डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। सूत्रों के मुताबिक आज शाम कांग्रेस विधायक दल की बैठक में डीके शिवकुमार को नेता चुना जाएगा। इसके बाद वे राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। लंबे समय से कर्नाटक कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही खींचतान अब समाप्त होती दिखाई दे रही है। गुरुवार सुबह हुई ब्रेकफास्ट मीटिंग में सिद्धारमैया ने मंत्रियों और पार्टी नेताओं के सामने अपने इस्तीफे की घोषणा की थी। इसके बाद वे लोकभवन पहुंचे और राज्यपाल की गैरमौजूदगी में उनके निजी सचिव को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उस समय राज्यपाल बेंगलुरु से बाहर थे और देर रात वापस लौटने के बाद उन्होंने इस्तीफा स्वीकार कर लिया। इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने पार्टी हाईकमान के निर्देश पर यह फैसला लिया है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री बनने का अवसर दिया और अब हाईकमान के निर्देश का पालन करते हुए उन्होंने पद छोड़ दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत है, इसलिए नई सरकार का गठन पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया के तहत होगा। राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान एक भावुक तस्वीर भी सामने आई, जिसमें डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया को गले लगाया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस तस्वीर को कांग्रेस के भीतर सत्ता हस्तांतरण के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल, कर्नाटक कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। डीके शिवकुमार समर्थकों का दावा रहा है कि 2023 विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी नेतृत्व ने ढाई-ढाई साल के सत्ता फार्मूले पर सहमति दी थी। कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद शिवकुमार समर्थकों ने नेतृत्व परिवर्तन की मांग तेज कर दी थी। पिछले कुछ महीनों में कई विधायक दिल्ली पहुंचकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात कर चुके थे। अब सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस नेतृत्व ने सत्ता परिवर्तन का फैसला कर लिया है। आने वाले दिनों में डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण की औपचारिक घोषणा भी हो सकती है।