Friday, July 24, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

Sports

FIFA World Cup देखने वालों के लिए बड़ी खबर, ZEE के पास पहुंचे राइट्स ...

June 3, 2026 Source: Public-Axis

FIFA World Cup देखने वालों के लिए बड़ी खबर, ZEE के पास पहुंचे राइट्स ...
भारत के फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अब FIFA World Cup 2026 समेत 2034 तक होने वाले कई बड़े फीफा टूर्नामेंट्स का लाइव प्रसारण ZEE एंटरटेनमेंट के प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा। कंपनी ने FIFA के साथ लंबी अवधि की साझेदारी करते हुए 2026 और 2030 FIFA Men's World Cup, 2027 FIFA Women's World Cup और अन्य प्रमुख टूर्नामेंट्स के मीडिया अधिकार हासिल कर लिए हैं। भारतीय दर्शक FIFA World Cup 2026 के सभी मुकाबले यूनाइट 8 स्पोर्ट्स चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म ZEE5 पर लाइव देख सकेंगे। यह टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक होगा क्योंकि पहली बार इसका आयोजन तीन देशों—अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको—में संयुक्त रूप से किया जाएगा। साथ ही पहली बार विश्व कप में 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मैच खेले जाएंगे। 11 जून 2026 को मेक्सिको सिटी के एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा, जबकि फाइनल 19 जुलाई को अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में होगा। टूर्नामेंट 39 दिनों तक चलेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, FIFA और जियोस्टार के बीच प्रसारण अधिकारों को लेकर सहमति नहीं बन सकी, जिसके बाद ZEE ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए डील अपने नाम कर ली। इससे पहले 2022 FIFA World Cup के ब्रॉडकास्ट राइट्स वायाकॉम18 के पास थे। पुरुष और महिला विश्व कप के अलावा ZEE नेटवर्क FIFA अंडर-17, अंडर-20, फुटसाल वर्ल्ड कप, महिला फुटसाल वर्ल्ड कप और इंटरकॉन्टिनेंटल कप जैसे कई अन्य टूर्नामेंट्स का भी प्रसारण करेगा। इसके साथ ही दर्शकों को FIFA से जुड़े विशेष कार्यक्रम और डॉक्यूमेंट्री भी देखने को मिलेंगी। खेल प्रसारण में अपनी वापसी को मजबूत करने के लिए ZEE ने यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 1 और 2 समेत चार नए स्पोर्ट्स चैनल लॉन्च किए हैं। लगभग आठ साल बाद कंपनी बड़े स्तर पर स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर में वापसी कर रही है। फुटबॉल की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए यह समझौता भारतीय दर्शकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब आने वाले वर्षों में फुटबॉल फैंस एक ही नेटवर्क पर FIFA के सबसे बड़े टूर्नामेंट्स का रोमांच उठा सकेंगे।