Friday, October 23, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

मालवीय नगर अग्निकांड: पुलिस ने कसा शिकंजा, 5 होटल बंद, मैनेजर फरार ...

June 5, 2026 Source: Public-Axis

मालवीय नगर अग्निकांड: पुलिस ने कसा शिकंजा, 5 होटल बंद, मैनेजर फरार ...
दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। इस हादसे में कई लोगों की मौत के बाद जांच में गंभीर लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के संकेत मिले हैं। दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज के सभी पाँच होटलों को बंद करा दिया है। जांच में सामने आया है कि इन होटलों के संचालन की पूरी जिम्मेदारी जय मिश्रा के पास थी, जो अब फरार है और उसकी तलाश जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लवकेश बजाज पहले हौजकाजी क्षेत्र में हार्डवेयर की दुकान चलाता था और बाद में उसने धीरे-धीरे होटल व्यवसाय शुरू किया। बताया जा रहा है कि कई इमारतों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटनास्थल से चार भरे हुए गैस सिलेंडर भी बरामद हुए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं। इस मामले में अदालत ने होटल मालिक लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हादसे में मृत 21 लोगों के शवों का पोस्टमॉर्टम जारी है। अधिकांश मौतें धुएं और कार्बन मोनोऑक्साइड के कारण दम घुटने से हुई हैं। मृतकों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनके शवों की पहचान और कानूनी प्रक्रिया के लिए डीएनए नमूने सुरक्षित रखे गए हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के सभी होटलों और व्यावसायिक भवनों में फायर सेफ्टी ऑडिट के आदेश दिए हैं। MCD ने हौज रानी क्षेत्र के 12 होटलों के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि कई अन्य प्रतिष्ठानों को भी नोटिस भेजे जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।