Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

Politics

के. अन्नामलाई ने बनाई नई राजनीतिक पार्टी, महज 10 घंटे में 10 लाख लोग हुए शामिल ...

June 6, 2026 Source: Public-Axis

के. अन्नामलाई ने बनाई नई राजनीतिक पार्टी, महज 10 घंटे में 10 लाख लोग हुए शामिल ...
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार के बाद पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी से औपचारिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ की शुरुआत की है। अन्नामलाई का दावा है कि पार्टी के गठन के महज 10 घंटे के भीतर 10 लाख से अधिक लोगों ने सदस्यता ग्रहण कर ली। बताया गया है कि अन्नामलाई ने 2 जून को ही भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, हालांकि उनका इस्तीफा सार्वजनिक रूप से शुक्रवार को सामने आया। नई पार्टी के गठन के बाद उन्हें शुरुआती दौर में ही व्यापक जनसमर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। अन्नामलाई के समर्थन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष करु नागराजन ने भी पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने कहा कि उनके साथ कई अन्य भाजपा नेता भी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ से जुड़ने का फैसला कर चुके हैं। अन्नामलाई ने 5 जून को नई पार्टी के गठन की घोषणा की थी। तमिलनाडु में भाजपा की हार के बाद से ही उनके अलग राजनीतिक मोर्चा बनाने की अटकलें तेज हो गई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि उनका आंदोलन स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ेगा और पार्टी वर्ष 2031 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगी। पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई 2020 में नौकरी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी में उन्होंने प्रदेश उपाध्यक्ष और बाद में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली। माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने और एआईएडीएमके के साथ भाजपा के गठबंधन को लेकर उनकी नाराजगी इस फैसले की बड़ी वजह रही।