Friday, July 17, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

CJP के प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस की मंजूरी, एयरपोर्ट से निकले संस्थापक अभिजीत दीपके ...

June 6, 2026 Source: Public-Axis

CJP के प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस की मंजूरी, एयरपोर्ट से निकले संस्थापक अभिजीत दीपके ...
दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थकों में उत्साह का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे अपने आंदोलन की पहली बड़ी सफलता बताया है। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम है। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाना और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निजी वाहन से रवाना हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों ने उनका स्वागत किया। दीपके ने अपने समर्थकों से संसद मार्ग थाने न आने और सीधे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि प्रस्तावित शांतिपूर्ण प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शुरू होगा। समर्थकों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और सभी कार्यकर्ता कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए अपनी बात रखेंगे। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में युवा और समर्थक वहां पहुंचने लगे हैं, जिससे क्षेत्र में भीड़ बढ़ने लगी है। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है और क्षेत्र में प्रवेश करने वाले लोगों की पहचान की जांच के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, फिलहाल मीडिया के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। प्रदर्शनकारी तिरंगा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लेकर अपनी मांगों के समर्थन में जुट रहे हैं।