Saturday, July 25, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

Sports

वैभव सूर्यवंशी के लिए BCCI का खास इंतजाम, माता-पिता को साथ जाने की मिली मंजूरी...

June 7, 2026 Source: Public-Axis

वैभव सूर्यवंशी के लिए BCCI का खास इंतजाम, माता-पिता को साथ जाने की मिली मंजूरी...
मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक अहम और संवेदनशील फैसला लिया है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर पहली बार सीनियर भारतीय टीम का हिस्सा बने वैभव के साथ उनके माता-पिता को भी जाने की अनुमति दी गई है। बोर्ड उनके माता-पिता के यात्रा और रहने का पूरा खर्च उठाएगा। महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र में सीनियर टीम में जगह बनाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में चुना गया है। इसके अलावा, चयनकर्ताओं ने उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए आगामी एशियाई खेलों के लिए भी भारतीय टीम में शामिल किया है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने स्पोर्टस्टार से बातचीत में बताया कि वैभव अभी बहुत छोटे हैं और नए माहौल में खुद को सहज महसूस कराने के लिए उनके माता-पिता का साथ बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने उनके पिता संजीव सूर्यवंशी और मां आरती सूर्यवंशी को दौरे पर साथ जाने की मंजूरी दी है। फिलहाल वैभव श्रीलंका में इंडिया ए टीम के साथ ट्राई-नेशन सीरीज खेल रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव हासिल कर रहे हैं। लगातार बढ़ती लोकप्रियता और बड़े मंच के दबाव को देखते हुए BCCI का मानना है कि परिवार की मौजूदगी युवा खिलाड़ी को मानसिक और भावनात्मक मजबूती देगी, जिससे वह बाहरी दबावों से दूर रहकर अपने खेल पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकेगा। BCCI के इस फैसले को युवा प्रतिभा के विकास और उसकी भलाई को प्राथमिकता देने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।