Friday, July 17, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

नेपाल भाग रहा था जहांगीर खान! STF ने किया गिरफ्तार, दफ्तर में मची अफरा-तफरी....

June 8, 2026 Source: Public-Axis

नेपाल भाग रहा था जहांगीर खान! STF ने किया गिरफ्तार, दफ्तर में मची अफरा-तफरी....
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कई नेताओं की मुश्किलें लगातार बढ़ती दिखाई दे रही हैं। इसी क्रम में पार्टी के पूर्व विधायक और ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले जहांगीर खान, जिन्हें उनके समर्थक ‘पुष्पा’ के नाम से जानते हैं, एक बार फिर चर्चा में हैं। बंगाल एसटीएफ ने उन्हें बंगाल-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। जहांगीर खान की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही दक्षिण 24 परगना जिले के फलता क्षेत्र में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उनके कार्यालय पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ ने बंद पड़े दफ्तर का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। कार्यालय में लगे एसी समेत कई सामानों को नुकसान पहुंचाया गया। तोड़फोड़ के दौरान कार्यालय से टीएमसी के झंडे, पोस्टर और चुनाव प्रचार से जुड़ी अन्य सामग्री भी बरामद हुई। वहीं, कुछ खाली शराब की बोतलें मिलने की भी चर्चा रही। इस घटना को लेकर टीएमसी समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाए हैं, जबकि स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। गौरतलब है कि जहांगीर खान ने हालिया विधानसभा चुनाव में फलता सीट से टीएमसी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। मतदान के दौरान ईवीएम से जुड़ी शिकायतों के बाद निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर पुनर्मतदान का आदेश दिया था। हालांकि री-पोलिंग से पहले ही जहांगीर खान ने चुनावी मैदान छोड़ने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद से वह लगातार सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आ रहे थे। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।