Friday, July 17, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

ममता के करीबी नेताओं के नाम भी बागी सूची में, TMC में मची हलचल...

June 10, 2026 Source: Public-Axis

ममता के करीबी नेताओं के नाम भी बागी सूची में, TMC में मची हलचल...
पश्चिम बंगाल में चुनावी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर जारी असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। पहले बड़ी संख्या में विधायकों के नाराज होने की खबरें आई थीं और अब पार्टी के 19 सांसदों के बगावती खेमे में शामिल होने की सूची भी सामने आ गई है। हालांकि कुछ नेताओं का दावा है कि असंतुष्ट सांसदों की संख्या 20 से अधिक है, लेकिन फिलहाल 19 नामों की सूची चर्चा का विषय बनी हुई है। इस सूची में सबसे ज्यादा हैरान करने वाले नाम अभिनेत्री और सांसद सायोनी घोष तथा वरिष्ठ अभिनेता एवं सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के हैं। दोनों को लंबे समय से ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में गिना जाता रहा है। इसके अलावा पूर्व क्रिकेटर और बहरामपुर से सांसद यूसुफ पठान का नाम भी लोगों को चौंका रहा है। सामने आई सूची में काकोली घोष, जगदीश चंद्र बसुनिया, खलीलुर रहमान, अबू ताहिर खान, पार्थ भौमिक, बापी हलदार, माला रॉय, मिताली बाग, दीपक अधिकारी, कालीपद सोरेन, जून मालिया, अरूप चक्रवर्ती, डॉ. शर्मिला सरकार, असित कुमार माल, शताब्दी रॉय और रचना बनर्जी सहित कुल 19 सांसदों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। यूसुफ पठान हाल ही में उस समय चर्चा में आए थे, जब ऐसी खबरें सामने आई थीं कि उनसे बहरामपुर सीट ममता बनर्जी के लिए छोड़ने को कहा गया था। इसी बीच ममता बनर्जी दिल्ली दौरे से कोलकाता लौट चुकी हैं। राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस नेतृत्व से उनकी मुलाकात और टीएमसी के संभावित भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।