Friday, July 17, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

TMC में बढ़ी खींचतान, ओम बिरला से मुलाकात की तैयारी में ममता के बागी सांसद...

June 12, 2026 Source: Public-Axis

TMC में बढ़ी खींचतान, ओम बिरला से मुलाकात की तैयारी में ममता के बागी सांसद...
पश्चिम बंगाल में सत्ता से बाहर होने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) लगातार राजनीतिक संकट का सामना कर रही है। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अपनी ही पार्टी में बढ़ते असंतोष को संभालने की है। इसी बीच पार्टी के बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर खुद को संसद में ‘असली TMC’ संसदीय समूह के रूप में मान्यता दिलाने की तैयारी तेज कर दी है। बागी सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में स्पीकर को पत्र भेज दिया है और सोमवार को उनसे मुलाकात कर अपना दावा पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका समूह स्पीकर से आग्रह करेगा कि उन्हें वास्तविक TMC संसदीय दल के रूप में मान्यता प्रदान की जाए। कूचबिहार से सांसद बसुनिया ने दावा किया कि इस पहल का समर्थन करने वाले 19 सांसदों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। उनके अनुसार, हस्ताक्षर जुटाने की प्रक्रिया 8 जून से शुरू हुई थी। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि लोकसभा स्पीकर के साथ प्रस्तावित बैठक का समय अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। वहीं, सांसदों की सूची सामने आने के बावजूद स्पीकर को भेजे गए पत्र की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच TMC सांसद कीर्ति आजाद ने आरोप लगाया कि सांसदों को पार्टी छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। हालांकि, बसुनिया ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इस तरह के बयान तथ्यहीन हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में हार के बाद शुरू हुआ TMC का संकट अब संसद तक पहुंच चुका है। हाल के दिनों में कई सांसदों और नेताओं के इस्तीफों ने ममता बनर्जी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।