Friday, July 24, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

Sports

IND-W vs PAK W, Women’s T20 World Cup 2026: भारत-पाकिस्तान मुकाबले से आगाज, जानें समय और तारीख...

June 13, 2026 Source: Public-Axis

IND-W vs PAK W, Women’s T20 World Cup 2026: भारत-पाकिस्तान मुकाबले से आगाज, जानें समय और तारीख...
महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज रोमांचक अंदाज में हो चुका है और भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करने जा रही है। यह हाई-वोल्टेज मैच 14 जून को इंग्लैंड के बर्मिंघम में खेला जाएगा और भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा। क्रिकेट फैंस की नजरें इस मुकाबले पर टिकी हैं, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा ही विशेष उत्साह और दबाव से भरे होते हैं। इस बार टूर्नामेंट इंग्लैंड और वेल्स में आयोजित किया जा रहा है और यह इसका 10वां संस्करण है। पहली बार इसमें 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। भारत ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान के साथ शामिल है, जबकि ग्रुप-बी में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड और स्कॉटलैंड हैं। भारतीय टीम हाल ही में महिला वनडे विश्व कप 2025 जीतकर इस टूर्नामेंट में आत्मविश्वास के साथ उतरी है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया पहली बार टी20 विश्व कप खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरेगी। हालांकि चुनौती आसान नहीं होगी, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमें भी ग्रुप में मौजूद हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय में 16 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने 13 बार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को 3 बार सफलता मिली है। विश्व कप इतिहास में भी भारत का पलड़ा भारी रहा है। भारतीय टीम अपना पहला मैच पाकिस्तान के बाद नीदरलैंड्स, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। पूरे टूर्नामेंट का फाइनल 5 जुलाई को होगा। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार ऐप व वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि टीम जीत के साथ अभियान की शुरुआत करेगी।