Friday, July 17, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

‘कांग्रेस में कुछ नहीं रखा’, रामदास आठवले ने शरद पवार को दिया नया राजनीतिक ऑफर...

June 14, 2026 Source: Public-Axis

‘कांग्रेस में कुछ नहीं रखा’, रामदास आठवले ने शरद पवार को दिया नया राजनीतिक ऑफर...
महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के कांग्रेस में संभावित विलय की चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के अध्यक्ष रामदास आठवले ने शरद पवार को नया राजनीतिक प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने के बजाय शरद पवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा बनना चाहिए। शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान आठवले ने कहा कि कांग्रेस अब पहले जैसी मजबूत पार्टी नहीं रही है और उसमें पहले जैसा प्रभाव नहीं बचा है। उनके मुताबिक, शरद पवार जैसे अनुभवी नेता के लिए NDA बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर पवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ सीधे आने में कोई असहजता है, तो उनकी पार्टी RPI के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं। दरअसल, हाल के दिनों में NCP (शरद पवार) के कांग्रेस में विलय की अटकलें लगातार लगाई जा रही हैं। इससे पहले शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने भी कहा था कि कांग्रेस से अलग होकर बनी क्षेत्रीय पार्टियों को भाजपा के खिलाफ मजबूत विपक्ष तैयार करने के लिए फिर से कांग्रेस के साथ आ जाना चाहिए। संजय राउत के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, कांग्रेस में विलय की अटकलों पर अब तक शरद पवार या उनकी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में सभी की नजरें NCP (शरद पवार) के अगले कदम और पार्टी नेतृत्व की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।