Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

Politics

कांग्रेस संगठन में होगा बड़ा उलटफेर, कई प्रदेश प्रभारियों पर फैसला जल्द...

June 23, 2026 Source: Public-Axis

कांग्रेस संगठन में होगा बड़ा उलटफेर, कई प्रदेश प्रभारियों पर फैसला जल्द...
पिछले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद कांग्रेस संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण पदों पर फेरबदल कर सकता है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के चार महासचिवों को हटाया जा सकता है, जबकि तीन से चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा छह से सात राज्यों के प्रभारी बदले जा सकते हैं। पार्टी के करीब 26 राष्ट्रीय सचिवों की भी छुट्टी हो सकती है। वर्तमान में कांग्रेस में 62 राष्ट्रीय सचिव हैं। सूत्रों के अनुसार, हरियाणा प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडंकर और राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है। इनमें से कुछ नेताओं को राज्यों में नई जिम्मेदारियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते एआईसीसी में नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना है। वहीं, अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष बदले जा सकते हैं। खासकर पंजाब और उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने के लिए नए नेतृत्व पर विचार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी के भीतर गुटबाजी को नियंत्रित करने और चुनावी तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से कांग्रेस नेतृत्व जल्द ही बड़े संगठनात्मक बदलावों का ऐलान कर सकता है।