Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

तेलंगाना की निलंबित तहसीलदार के पास मिली करोड़ों की संपत्ति, ACB ने खोले कई राज

June 26, 2026 Source: Public-Axis

तेलंगाना की निलंबित तहसीलदार के पास मिली करोड़ों की संपत्ति, ACB ने खोले कई राज
तेलंगाना में आय से अधिक संपत्ति के मामलों में अक्सर पुरुष अधिकारियों के नाम सामने आते रहे हैं, लेकिन इस बार एक महिला अधिकारी के खिलाफ हुई कार्रवाई ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शमीरपेट की निलंबित तहसीलदार टी. सुचरिता के ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा किया है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के तहत की गई। जानकारी के मुताबिक, टी. सुचरिता पहले से ही एक कथित रिश्वतखोरी मामले में जांच एजेंसियों की गिरफ्त में हैं। उसी जांच के दौरान उनकी संपत्तियों की पड़ताल शुरू हुई, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। ACB की तलाशी में सिद्दीपेट जिले के दमरकुंटा गांव में 2.17 एकड़ कृषि भूमि, हैदराबाद में तीन फ्लैट और कीसारा व खानमेट क्षेत्रों में दो प्लॉट के दस्तावेज बरामद हुए। इसके अलावा, अधिकारियों ने 12 लाख रुपये नकद, करीब 38 लाख रुपये की बैंक जमा राशि और लगभग 1.20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने व हीरे के आभूषण भी जब्त किए। जांच के दौरान एक फॉक्सवैगन कार और एक हुंडई क्रेटा एसयूवी भी मिली, जिन्हें जांच के दायरे में शामिल किया गया है। एसीबी के अनुसार, अब तक बरामद चल और अचल संपत्तियों की पंजीकृत कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। हालांकि, एजेंसी का कहना है कि इन संपत्तियों का वास्तविक बाजार मूल्य इससे कहीं ज्यादा हो सकता है। फिलहाल जांच एजेंसियां बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े अन्य रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही हैं। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।