Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

Latest LPG Price: आपके शहर में कितना है LPG सिलेंडर का रेट? देखें पूरी लिस्ट

June 27, 2026 Source: Public-Axis

Latest LPG Price: आपके शहर में कितना है LPG सिलेंडर का रेट? देखें पूरी लिस्ट
**नई दिल्ली:** घरेलू LPG सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत की खबर है। 27 जून 2026 को देशभर में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने के बावजूद घरेलू गैस के दाम फिलहाल स्थिर बने हुए हैं। इससे पहले 7 जून को घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि 1 जून को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 42 रुपये बढ़ाए गए थे। इसके बाद से अब तक कीमतों में कोई नया संशोधन नहीं हुआ है। देश के अलग-अलग शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतें अलग-अलग हैं। दिल्ली में सिलेंडर 942 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में मिल रहा है। वहीं नोएडा में इसकी कीमत 939.50 रुपये है, जबकि पटना में सबसे अधिक 1,031.50 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। इधर केंद्र सरकार ने कमर्शियल और बल्क LPG सप्लाई पर लगे सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। सरकार का कहना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटने से LPG की सप्लाई अब सामान्य हो रही है। इससे होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि घरेलू LPG सिलेंडर के दाम जल्द कम होने की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में आई गिरावट का असर भारतीय बाजार तक पहुंचने में करीब 3 से 6 महीने लग सकते हैं। वर्तमान में एक घरेलू LPG सिलेंडर की वास्तविक लागत उपभोक्ता कीमत से काफी अधिक है, जिसका बड़ा हिस्सा तेल विपणन कंपनियां वहन कर रही हैं। ऐसे में जब तक वैश्विक कीमतों में लगातार गिरावट नहीं रहती, तब तक घरेलू सिलेंडर की कीमतों में राहत मिलने की संभावना सीमित मानी जा रही है।