Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

केशव मौर्य का विपक्ष पर हमला, बोले- राम मंदिर पर फैलाई जा रही झूठी बातें

June 27, 2026 Source: Public-Axis

केशव मौर्य का विपक्ष पर हमला, बोले- राम मंदिर पर फैलाई जा रही झूठी बातें
लखनऊ। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति लगातार गरमाई हुई है। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के हमलों के बीच प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा की शुरुआत से ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रति नकारात्मक सोच रही है और अब वे इस मामले को लेकर भ्रम और झूठ फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। केशव मौर्य ने कहा कि पहले राम मंदिर निर्माण का विरोध किया गया और अब जांच पूरी होने से पहले ही चढ़ावे के मामले पर राजनीति की जा रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और उनके सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह केवल सस्ती राजनीति है। मौर्य ने स्पष्ट किया कि एसआईटी की जांच के बाद एफआईआर दर्ज हो चुकी है और कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने राम मंदिर के चढ़ावे में करोड़ों रुपये के गबन का आरोप लगाया। इसके बाद विपक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई और आठ लोगों को नामजद किया गया। इस बीच बढ़ते दबाव के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। मामले की जांच अभी जारी है और राजनीतिक बयानबाजी भी तेज बनी हुई है।