Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

पेपर लीक के चलते TET 2026 स्थगित, 4 प्रश्नपत्र सेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

June 28, 2026 Source: Public-Axis

पेपर लीक के चलते TET 2026 स्थगित, 4 प्रश्नपत्र सेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 से पहले एक बड़े पेपर लीक रैकेट का खुलासा हुआ है। ठाणे जिले के भिवंडी में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर परीक्षा का प्रश्नपत्र बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली से TET परीक्षा के चार सेट प्रश्नपत्र लेकर आए थे और इन्हें लगभग ₹1.5 करोड़ में बेचने की डील तय हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए 28 जून को होने वाली परीक्षा को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। भिवंडी के एसीपी अशोक दुधे ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग TET का प्रश्नपत्र बेचने के लिए आने वाले हैं। सूचना के आधार पर कोनगांव इलाके में जाल बिछाया गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान बिहार निवासी राजू शाह (45), आकाश कुमार (30) और हरियाणा निवासी धीरज सिंह (28) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से TET परीक्षा के चार सेट प्रश्नपत्र, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पेपर लीक रैकेट के तार केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बिहार, दिल्ली और हरियाणा सहित कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस के अनुसार, दिल्ली में कोडवर्ड के जरिए संपर्क स्थापित कर महाराष्ट्र के कुछ लोगों से प्रश्नपत्र बेचने की डील की गई थी। प्रत्येक प्रश्नपत्र सेट की कीमत करीब ₹37.50 लाख तय की गई थी। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। इस वर्ष महाराष्ट्र TET परीक्षा में करीब छह लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी। परीक्षा राज्य के 37 जिलों में 1,500 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जानी थी। अब पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।