Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

ओखला लैंडफिल साफ करने का वादा फिर अधूरा, डेडलाइन दिसंबर 2026 तक बढ़ी

June 28, 2026 Source: Public-Axis

ओखला लैंडफिल साफ करने का वादा फिर अधूरा, डेडलाइन दिसंबर 2026 तक बढ़ी
ओखला लैंडफिल साफ करने का वादा फिर अधूरा, डेडलाइन दिसंबर 2026 तक बढ़ी

1 / 2

**Delhi Okhla Landfill Deadline Extended:** राजधानी दिल्ली में कूड़े के पहाड़ से छुटकारा पाने का इंतजार कर रहे लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने ओखला लैंडफिल साइट को पूरी तरह साफ करने की समय सीमा एक बार फिर बढ़ा दी है। अब ओखला लैंडफिल को दिसंबर 2026 तक कूड़ा मुक्त करने का नया लक्ष्य तय किया गया है। यह तीसरी बार है जब इस परियोजना की डेडलाइन आगे बढ़ाई गई है। महापौर प्रवेश वाही ने निगमायुक्त संजीव खिरवार के साथ ओखला लैंडफिल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में लगातार जमा हुए नए कचरे के कारण पुराने कचरे को पूरी तरह हटाना संभव नहीं हो पाया। यही वजह है कि परियोजना को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय देना पड़ा। शुरुआत में ओखला लैंडफिल को जुलाई 2026 तक खत्म करने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे बाद में अक्टूबर 2026 और अब दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है। वहीं, दिल्ली के तीनों प्रमुख लैंडफिल स्थलों पर अभी भी लाखों टन कचरा मौजूद है। मानसून शुरू होने से भी काम की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका है, क्योंकि बारिश के दौरान कचरा गीला होने से उसके प्रसंस्करण और निस्तारण में अधिक समय लगता है। फिलहाल भलस्वा लैंडफिल में 18.43 लाख टन, गाजीपुर में 68.90 लाख टन और ओखला में 12.29 लाख टन कचरा मौजूद है। MCD का लक्ष्य भलस्वा और ओखला को दिसंबर 2026 तक तथा गाजीपुर लैंडफिल को दिसंबर 2027 तक पूरी तरह साफ करना है। इसके साथ ही अक्टूबर 2026 तक पांच नए कचरा निस्तारण प्लांट स्थापित करने और वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांटों की क्षमता बढ़ाने की योजना भी बनाई गई है। हालांकि मानसून और अन्य चुनौतियों के कारण इन योजनाओं के समय पर पूरा होने को लेकर अब भी सवाल बने हुए हैं।