Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

मुंबई में भारी बारिश के बाद हालात खराबः जलभराव से अंधेरी सबवे बंद, ट्रैफिक प्रभावित

June 29, 2026 Source: Public-Axis

मुंबई में भारी बारिश के बाद हालात खराबः जलभराव से अंधेरी सबवे बंद, ट्रैफिक प्रभावित
**Mumbai Rains Alert:** मुंबई में मानसून की जोरदार दस्तक के साथ रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। लगातार हुई बारिश के कारण कई सड़कें, बाजार और रिहायशी इलाके पानी में डूब गए, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा असर अंधेरी, बांद्रा, खार, मालाड, गोरेगांव, जुहू और वर्सोवा जैसे इलाकों में देखने को मिला। भारी जलभराव के चलते अंधेरी सबवे पूरी तरह पानी में डूब गया, जिसके बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने एहतियातन देर रात करीब 1:45 बजे इसे यातायात के लिए बंद कर दिया। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, किंग्स सर्कल, वाशी और अन्य निचले इलाकों में भी पानी भरने से वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई। कई जगहों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में भी मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और मौसम से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। वहीं, IMD ने 29 जून के लिए देश के 17 राज्यों में भी भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 60 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।