Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

मुंबई में बारिश का डबल अटैक: स्कूल बंद, ट्रेनें रद्द और फ्लाइट्स कैंसिल

July 6, 2026 Source: Public-Axis

मुंबई में बारिश का डबल अटैक: स्कूल बंद, ट्रेनें रद्द और फ्लाइट्स कैंसिल
महाराष्ट्र में लगातार तीसरे दिन हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सबसे ज्यादा असर मुंबई, पुणे और आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद प्रशासन ने लोगों से जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। एहतियात के तौर पर सरकारी, निजी और नगर निगम के सभी स्कूल-कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है, जबकि कई निजी कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी है। भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग के करजत-लोनावला सेक्शन में दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे रेलवे की तीनों लाइनें प्रभावित हो गईं। सुरक्षा कारणों से 20 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा और कई अन्य ट्रेनों का संचालन भी बाधित रहा। वहीं, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भी लैंडस्लाइड की वजह से घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। मुंबई में तेज बारिश के साथ 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके चलते शहर में 350 से अधिक पेड़ गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई। बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 17 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 217 फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र विधानसभा की सोमवार की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और सभी संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भी भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में कई वाहन मलबे में दब गए, जहां राहत और बचाव अभियान जारी है।