Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

मणिपुर में घातक हमले से हड़कंप, असम राइफल्स के दो जवान शहीद; कांगपोकपी में भी हिंसा

July 6, 2026 Source: Public-Axis

मणिपुर में घातक हमले से हड़कंप, असम राइफल्स के दो जवान शहीद; कांगपोकपी में भी हिंसा
मणिपुर में एक बार फिर हिंसा ने चिंता बढ़ा दी है। सोमवार दोपहर उखरूल जिले के नुंगशांग कोंग इलाके के पास 40 असम राइफल्स के काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में दो जवान शहीद हो गए। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, असम राइफल्स के जवान ड्यूटी पूरी कर शांगशाक स्थित अपने बटालियन मुख्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने अत्याधुनिक हथियारों से अचानक फायरिंग शुरू कर दी और विस्फोट भी किए। हमले में वारंट ऑफिसर बलवंत सिंह और राइफलमैन सीएम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल असम राइफल्स कैंप ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ शांगशाक कैंप में रखा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमले के बाद कई घंटों तक इलाके में गोलीबारी की आवाजें सुनाई देती रहीं। माना जा रहा है कि सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच लंबे समय तक मुठभेड़ चली। हालांकि, अब तक किसी उग्रवादी के मारे जाने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और हमलावरों की तलाश जारी है। इस घटना पर मणिपुर के गृह मंत्री गोविंददास कोंथौजाम ने गहरा दुख जताते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राज्य में शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसी बीच कांगपोकपी जिले के थिंगखोंगजांग कुकी गांव में भी हिंसा की एक और घटना सामने आई। चर्च में प्रार्थना के दौरान हुई गोलीबारी में एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावरों ने फायरिंग के साथ विस्फोटक भी फेंके और कई घरों में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि सुरक्षा बलों ने जांच और तलाशी अभियान और तेज कर दिया है।