Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

Politics

ममता बनर्जी का रिएक्शन वायरल, TMC रैली में कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का दावा

July 8, 2026 Source: Public-Axis

ममता बनर्जी का रिएक्शन वायरल, TMC रैली में कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का दावा
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) की एक विरोध रैली के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी का गुस्सा कैमरे में कैद हो गया। यह रैली बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची के साथ कथित रेप और हत्या की घटना के विरोध में निकाली गई थी। इसी दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया और रैली के बीच नारेबाजी शुरू हो गई। कुछ लोगों ने प्रदर्शनकारियों की ओर अंडे भी फेंके, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। टीएमसी का आरोप है कि रैली में व्यवधान डालने और अंडे फेंकने के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ था। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट जैसी घटनाएं भी हुईं। घटना के बाद ममता बनर्जी ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य में अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है और पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ममता बनर्जी भारी सुरक्षा घेरे और समर्थकों के बीच पैदल आगे बढ़ती दिखाई देती हैं। इसी दौरान वे अपने बेहद करीब खड़े एक व्यक्ति पर हाथ उठाती नजर आती हैं। इसके तुरंत बाद सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग उस व्यक्ति को वहां से हटाकर पीछे ले जाते हैं, जबकि ममता बिना रुके आगे बढ़ती रहती हैं। कई सोशल मीडिया पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वह व्यक्ति टीएमसी का ही कार्यकर्ता था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कुछ लोग इसे ममता बनर्जी की नाराजगी और तनावपूर्ण माहौल का परिणाम बता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि सुरक्षा घेरे में हुई अव्यवस्था की वजह से यह प्रतिक्रिया सामने आई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जिस व्यक्ति पर हाथ उठाया गया, वह पार्टी कार्यकर्ता था या भीड़ में मौजूद कोई अन्य व्यक्ति। मामले को लेकर अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।