Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

World

ट्रम्प के ऐलान के बाद ईरान में बड़े धमाके, अमेरिकी हमलों से चाबहार बेहाल

July 9, 2026 Source: Public-Axis

ट्रम्प के ऐलान के बाद ईरान में बड़े धमाके, अमेरिकी हमलों से चाबहार बेहाल
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान के साथ युद्धविराम खत्म करने की घोषणा के कुछ ही समय बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के कई रणनीतिक ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले किए। इन हमलों में चाबहार, बंदर अब्बास, सीरिक, कोनारक और उत्तरी ईरान के कई अहम सैन्य व लॉजिस्टिक ठिकानों को निशाना बनाया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, उत्तरी ईरान में स्थित एक महत्वपूर्ण रेलवे ब्रिज को अमेरिकी सेना ने ध्वस्त कर दिया। माना जा रहा है कि इस पुल के जरिए ईरानी सेना तक रसद और सैन्य सामग्री पहुंचाई जाती थी। वहीं चाबहार और कोनारक में हुए हवाई हमलों के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे इलाके में व्यापक असर देखने को मिला। ईरानी मीडिया का दावा है कि बंदर अब्बास, सीरिक, चाबहार और कोनारक सहित कई क्षेत्रों में जोरदार धमाके हुए। अबू मूसा द्वीप पर भी कई विस्फोटों की खबर है। हमलों के बाद ईरान का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय हो गया और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बताया जा रहा है कि अमेरिकी हमलों में शहीद बेहेश्ती पोर्ट, कलंतरी पोर्ट और समुद्री यातायात नियंत्रण टावर को भी नुकसान पहुंचा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड का कहना है कि यह कार्रवाई हार्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हो रहे ईरानी हमलों को रोकने और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई। इस बीच डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर चाबहार में हमले के बाद उठती आग की तस्वीर साझा करते हुए दावा किया कि अमेरिका सैन्य रूप से बढ़त हासिल कर चुका है और ईरान की क्षमताएं काफी कमजोर हो चुकी हैं। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है तथा हालात पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।