Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

5 भाजपा पार्षदों के इस्तीफे की खबर ने बढ़ाई हलचल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष का बयान आया

July 10, 2026 Source: Public-Axis

5 भाजपा पार्षदों के इस्तीफे की खबर ने बढ़ाई हलचल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष का बयान आया
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब नगर पंचायत समोदा के पांच भाजपा पार्षदों के कथित सामूहिक इस्तीफे का एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पत्र में विकास कार्यों की अनदेखी, प्रशासनिक उत्पीड़न और अधिकारियों के सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफा स्वीकार करने की मांग की गई है। इस वायरल पत्र को साझा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा और प्रदेश में विकास कार्य ठप होने का आरोप लगाया। दीपक बैज ने कहा कि अगर सत्तारूढ़ दल के अपने जनप्रतिनिधि ही व्यवस्था से परेशान होकर इस्तीफा देने की बात कर रहे हैं, तो यह सरकार के विकास संबंधी दावों की सच्चाई को सामने लाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हैं, अधिकारी जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुन रहे और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, जबकि सरकार केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। वायरल पत्र में दावा किया गया है कि नगर पंचायत समोदा के उपाध्यक्ष अंगेश्वर देवांगन समेत पांच भाजपा पार्षदों ने प्रशासनिक कार्यशैली और विकास कार्यों में ठहराव से नाराज होकर सामूहिक इस्तीफे का फैसला लिया है। पत्र में नल, नाली, पानी निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं के कार्य नहीं होने का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, इस पूरे मामले पर नगर पंचायत समोदा के उपाध्यक्ष और भाजपा नेता अंगेश्वर देवांगन ने वायरल पत्र को पूरी तरह फर्जी बताया है। उनका कहना है कि न तो उन्होंने और न ही किसी भाजपा पार्षद ने इस्तीफा दिया है। उन्होंने दावा किया कि यह विपक्ष की राजनीतिक साजिश है। देवांगन ने यह भी कहा कि वायरल लेटरहेड और पत्र दोनों नकली हैं तथा भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि सरकार के कामकाज से संतुष्ट हैं। फिलहाल इस वायरल पत्र को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।