Thursday, July 16, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

दिल्ली की मांडी रोड पर बड़ा फैसला चाहती हैं रेखा गुप्ता, गडकरी से की अपील

July 10, 2026 Source: Public-Axis

दिल्ली की मांडी रोड पर बड़ा फैसला चाहती हैं रेखा गुप्ता, गडकरी से की अपील
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली की अहम मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) का दर्जा देने की मांग करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। उन्होंने अनुरोध किया है कि इस सड़क के रखरखाव, चौड़ीकरण और विकास की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपी जाए, ताकि परियोजना को तेज गति से आगे बढ़ाया जा सके। करीब 8.8 किलोमीटर लंबी मांडी रोड छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास महरौली-गुरुग्राम रोड (NH-148A) को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ती है। यही वजह है कि यह सड़क दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में काम करती है। मुख्यमंत्री का कहना है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में अंतरराज्यीय वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे इसकी क्षमता बढ़ाने और आधुनिक बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। रेखा गुप्ता ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि यूनिफाइड ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग सेंटर (UTTIPEC) पहले ही मांडी रोड के चौड़ीकरण और समग्र विकास के प्रस्ताव का समर्थन कर चुका है। 27 सितंबर 2023 को हुई UTTIPEC की 68वीं गवर्निंग बॉडी बैठक में भी इस सड़क के रणनीतिक महत्व को देखते हुए इसके उन्नयन के पक्ष में सहमति जताई गई थी। मुख्यमंत्री का मानना है कि यदि मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर NHAI के अधीन लाया जाता है, तो सड़क के विकास के लिए एकीकृत योजना तैयार करना आसान होगा। साथ ही समान इंजीनियरिंग मानकों के आधार पर समयबद्ध तरीके से चौड़ीकरण और आधुनिकीकरण का काम पूरा किया जा सकेगा। इससे यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सफर मिलेगा, जबकि दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। दिल्ली सरकार का कहना है कि राजधानी की सड़क व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने के लिए ऐसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है।