Thursday, July 23, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

Entertainment

कॉमिक-कॉन में होगा 'रामायण' का भव्य इंटरनेशनल शोकेस

July 23, 2026 Source: Public-Axis

कॉमिक-कॉन में होगा 'रामायण' का भव्य इंटरनेशनल शोकेस
निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होने का इंतजार अब खत्म होने वाला है। फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज किया जाएगा, जिसे लेकर देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर के दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रिलीज से पहले फिल्म का विशेष प्रीमियर अमेरिका के सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में आयोजित किया जाएगा, जहां फिल्म की टीम अपने भव्य प्रोजेक्ट की पहली झलक दुनिया के सामने पेश करेगी। कॉमिक-कॉन के दौरान आयोजित विशेष पैनल में अभिनेता रणबीर कपूर, यश, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा फिल्म की निर्माण प्रक्रिया, विजुअल स्केल, तकनीक और कहानी को लेकर चर्चा करेंगे। इसी कार्यक्रम में फिल्म के कुछ एक्सक्लूसिव दृश्य और ट्रेलर भी पहली बार दिखाए जाने की संभावना है। इसके बाद ट्रेलर भारत में डिजिटल प्लेटफॉर्म और चुनिंदा सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। हालांकि मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज की तारीख की पुष्टि कर दी है, लेकिन आधिकारिक समय का ऐलान अभी नहीं किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रेलर सुबह के समय रिलीज किया जा सकता है, जिससे देशभर के दर्शक एक साथ इसकी पहली झलक देख सकेंगे। ट्रेलर लॉन्च के साथ फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट का भी खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं सनी देओल भगवान हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, लारा दत्ता कैकेयी, काजल अग्रवाल मंदोदरी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं। अपनी भव्य स्टारकास्ट, विशाल बजट और अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स के कारण 'रामायण' को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। ट्रेलर रिलीज के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ने की उम्मीद है।