Monday, August 31, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

कोरबा में पुलिस बनकर ठगी, जांच के नाम पर बुजुर्ग से उतरवाए लाखों के गहने

August 11, 2026 Source: Public-Axis

कोरबा में पुलिस बनकर ठगी, जांच के नाम पर बुजुर्ग से उतरवाए लाखों के गहने
कोरबा में पुलिस बनकर ठगी, जांच के नाम पर बुजुर्ग से उतरवाए लाखों के गहने

1 / 2

कोरबा।  जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े नकली पुलिस बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। निहारिका इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग को डराया और उनके पास मौजूद सोने के गहने उतरवा लिए। इसके बाद शातिर ठग असली सोने की चेन और अंगूठी लेकर बुजुर्ग को नकली गहने थमा दिए और फरार हो गए। पीड़ित की पहचान खरमोरा निवासी समीर चट्टोपाध्याय, रिटायर्ड BALCO कर्मी के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे बाइक से निहारिका इलाके में नारियल पानी पीने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वे काफी देर से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। इलाके में पुलिस की रेड पड़ी हुई है। बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए बुजुर्ग को धमकाया कि उनके पास गांजा होने की सूचना मिली है। इससे पीड़ित डर गए। आरोपियों ने उनसे एक कागज पर हस्ताक्षर भी करवाए। इसी दौरान एक आरोपी ने सुरक्षा जांच के नाम पर उनके गले से सोने की चेन और हाथ से अंगूठी उतरवा ली। आरोपी ने दोनों गहनों को एक पन्नी में रखने का दिखावा किया और उसे पीड़ित को सौंप दिया, लेकिन शातिर ठगों ने इसी दौरान पन्नी बदल दी। पीड़ित के हाथ में नकली चेन और अंगूठी वाली पन्नी थमा दी गई, जबकि असली सोने के गहने लेकर दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में हुई है। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। आरोपियों को पकड़ने CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बाइक सवार दोनों आरोपियों के हुलिए और उनके आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले से रेकी कर बुजुर्ग को निशाना बनाया होगा।