Politics
‘18 लाख महिलाओं को एक रुपया भी नहीं मिला’, तेजस्वी यादव का NDA सरकार पर बड़ा हमला
April 27, 2026
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर NDA सरकार पर बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव के दौरान महिलाओं से बड़े वादे किए, लेकिन अब तक लाखों महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिला।
तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव के समय महिलाओं और जीविका दीदियों से वादा किया गया था कि उन्हें योजना के तहत आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट लेने के लिए महिलाओं के खातों में शुरुआती रकम भेजी गई, लेकिन बाद में वादा पूरा नहीं किया गया।
तेजस्वी के मुताबिक, योजना में पहले से पंजीकृत 18 लाख महिलाओं को अब तक पहली किस्त तक नहीं मिली। वहीं 1 करोड़ 81 लाख जीविका दीदियों और महिलाओं को दूसरी किस्त का इंतजार है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान 2 लाख रुपये तक सहायता देने का वादा किया था, लेकिन छह महीने बाद भी बड़ी संख्या में महिलाएं भुगतान का इंतजार कर रही हैं।
RJD नेता ने आरोप लगाया कि NDA सरकार ने सिर्फ चुनावी फायदा लेने के लिए महिलाओं से वादे किए और अब राज्य की खराब वित्तीय स्थिति का असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वोट हासिल करने के लिए बड़े पैमाने पर नकद वादे किए, लेकिन अब खजाना खाली होने की बात सामने आ रही है।
तेजस्वी यादव ने इसे महिलाओं के साथ धोखा बताते हुए कहा कि सरकार ने चुनावी लाभ के लिए बिहार की महिलाओं की उम्मीदों का इस्तेमाल किया और अब उन्हें उनके हक से दूर रखा जा रहा है।