Thursday, May 28, 2026
English edition
PublicAxis PublicAxis

Balance. Truth. Perspective

India

बड़ी खबर: सिम्पलेक्स एमडी ने पुलिस अधिकारी पर लगाया संपत्ति कब्जाने का आरोप

May 15, 2026 Source: Public-Axis

बड़ी खबर: सिम्पलेक्स एमडी ने पुलिस अधिकारी पर लगाया संपत्ति कब्जाने का आरोप
रायपुर में करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में Simplex Castings की एमडी संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला और विवादों में घिर गया है। गिरफ्तारी की आशंका के बीच संगीता शाह ने एक सार्वजनिक सूचना जारी कर जिला दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी विशाल सोन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि विशाल सोन ने अपने पद और राजनीतिक पहचान का इस्तेमाल कर उन्हें लंबे समय तक ब्लैकमेल किया और कंपनी की संपत्तियों पर कब्जा करने की साजिश रची। संगीता शाह के अनुसार, विशाल सोन की उनसे पहचान वर्ष 2013-14 में हुई थी, जब वह दुर्ग जिले में थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ थे। कंपनी क्षेत्र में पुलिस अधिकारी होने के कारण दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। शाह ने आरोप लगाया कि सोन ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से करीबी संबंध होने का दावा करते हुए उन्हें वैशाली नगर विधानसभा सीट से भाजपा टिकट दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने कई बार नेताओं से मुलाकात कराने और चुनावी तैयारियों के नाम पर पैसे भी लिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के समय विशाल सोन ने फर्जी मेडिकल लीव लेकर ड्यूटी से छुट्टी ली और चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाई। संगीता शाह का कहना है कि कंपनी में लगातार आने-जाने के कारण सोन को कंपनी के अंदरूनी विवादों की जानकारी हो गई थी, जिसका बाद में गलत फायदा उठाया गया। सार्वजनिक सूचना में शाह ने कहा कि विशाल सोन ने अपने करीबी लोगों, जमीन कारोबारियों, सिविल ठेकेदारों और कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर कंपनी की चल-अचल संपत्तियों पर कब्जा करने की योजना बनाई। इसमें पुलगांव और कोहका-जुनवानी स्थित जमीन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, कंपनी वाहन और अन्य संपत्तियों को विवादित बनाकर कब्जे में लेने की कोशिश की गई। संगीता शाह ने बताया कि उन्होंने 6 फरवरी 2026 को इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विशाल सोन बड़े अधिकारियों, नेताओं और मंत्रियों से संबंध होने का हवाला देकर कंपनी को बंद कराने और उन्हें सड़क पर लाने की धमकी दे रहे हैं। इस पूरे विवाद के कारण वह मानसिक और शारीरिक तनाव से गुजर रही हैं और परिवार से अलग रहने को मजबूर हैं।